
झिलाई के आसपास के सभी गांवों में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरे पर खुशी लौट आई है। खेतों में पानी भरने से लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रही खरीफ की फसलों को पर्याप्त नमी मिली है।
किसानों ने बताया कि इस लगातार बारिश से खेतों में खड़ी बाजरा, मक्का, उड़द, मूंग और मूंगफली सहित अन्य खरीफ फसलों को काफी फायदा होने की उम्मीद है। खेतों में पानी भरने से फसलों की बढ़वार अच्छी होने की संभावना है। बारिश से मिट्टी में पर्याप्त नमी होने के कारण आगामी रबी फसल की बुवाई के लिए भी खेतों में नमी अनुकूल रहने की उम्मीद है।
स्थानीय किसान श्योलाल गुर्जर बारेडा, जगराम मीणा, प्रधान छोलक, भंवरलाल मीणा, नाहर सिंह मीणा और लोकेश देवडवाल ने बताया कि पिछले कुछ समय से बारिश की कमी के कारण फसलों को लेकर चिंता बनी हुई थी। लेकिन, लगातार दो दिन हुई बारिश ने काफी राहत दी है।
मौसम विभाग के अनुसार भी सितंबर की बारिश खरीफ फसलों के लिए महत्वपूर्ण है और मिट्टी की नमी का असर आगामी रबी फसल की बुवाई पर भी पड़ता है।






