
निवाई उपखंड क्षेत्र में करीब 15 दिन के इंतजार के बाद शनिवार सुबह बारिश हुई। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और दोपहर 12 बजे तक सावन जैसी हल्की फुहारें पड़ती रहीं। बारिश से किसानो को राहत मिली है, क्योंकि लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण खरीफ की फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई थीं।
बारिश और बादलों के कारण निवाई में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। शनिवार सुबह 8:30 बजे तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। यह गुरुवार की तुलना में करीब 10 डिग्री कम और शुक्रवार के मुकाबले 7 डिग्री कम था।
तापमान में गिरावट से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली।
बारिश जारी रहने की उम्मीद
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 5 सितंबर को पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
निवाई में शनिवार सुबह से जारी फुहारों ने किसानों की उम्मीद बढ़ा दी है। किसानों को भरोसा है कि यदि आने वाले दिनों में भी बारिश जारी रही तो सूखे की मार झेल रही खरीफ फसलों को बड़ा फायदा मिलेगा।






