
पीपलू। ग्राम नवरंगपुरा स्थित तत्काल बालाजी मंदिर परिसर में सोमवार रात विशाल भजन संध्या और रात्रि जागरण का आयोजन किया जाएगा। यह धार्मिक अनुष्ठान गांव में सुख-समृद्धि, खुशहाली और फसलों की अच्छी पैदावार की कामना को लेकर आयोजित हो रहा है।
बालाजी सेवा समिति के अध्यक्ष विकास गुप्ता और मंदिर के मुख्य पुजारी शिवराम वैष्णव ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर परिसर को श्रद्धालुओं के लिए आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। रात्रि जागरण के दौरान भगवान बालाजी महाराज का विशेष श्रृंगार कर झांकी सजाई जाएगी।
रात्रि जागरण में क्षेत्र के प्रसिद्ध स्थानीय भजन कलाकार बालाजी महाराज के दरबार में भजनों की संगीतमय प्रस्तुतियां देंगे।
बालाजी सेवा समिति और ग्रामवासियों ने आसपास के क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।






