झिलाई, 3 घंटे पहले

राजकीय महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल चुराड़ा में हिंदी दिवस हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के सामने दीप जलाकर और माल्यार्पण करके हुई। इस मौके पर छात्रों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि और गौरव की भावना बढ़ाने के लिए कई साहित्यिक और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं रखी गईं।

स्कूल में कक्षा 3 से 9वीं तक के छात्रों ने निबंध लेखन, वाद-विवाद, कविता पाठ, नारा लेखन और भाषण प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह से हिस्सा लिया। छात्रों ने अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा दिखाते हुए हिंदी भाषा का महत्व बताया।
प्रधानाचार्य अनिल कुमार शर्मा ने छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने हिंदी भाषा के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर बात की। उन्होंने कहा कि हिंदी सिर्फ हमारी राजभाषा ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और संस्कारों को आगे बढ़ाने वाली भी है। उन्होंने छात्रों को रोजमर्रा के जीवन में हिंदी भाषा का सही और सम्मानजनक इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया।
इस कार्यक्रम में वरिष्ठ अध्यापक देवकरण बैरवा, सुरेश यादव, रामकल्याण गुर्जर, रामलाल जाट, अनिल पारीक, माधोलाल मीणा, देवराज गुर्जर, आशीष जैन, आशीष उमरवाल, मीनाक्षी शर्मा, मिथुन माधीवाल सहित स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं और दूसरे गणमान्य लोग मौजूद थे।
प्रतियोगिताओं में पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर आने वाले छात्रों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।






