पीपलू, 3 घंटे पहले

उपखंड क्षेत्र के चंद्रांचल स्वस्ति तीर्थ क्षेत्र प्यावड़ी में दशलक्षण पर्व (पर्युषण महापर्व) का दूसरा दिन मनाया गया। इस दौरान उत्तम मार्दव धर्म की पूजा-अर्चना भक्तिभाव और धार्मिक माहौल में हुई। दिनभर मंदिर परिसर में धार्मिक भजन और मंत्रोच्चारण होते रहे, जिससे पूरा माहौल धर्ममय बना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह मंगलाष्टक पाठ से हुई। इसके बाद सौभाग्यशाली श्रद्धालुओं ने बोलियों के जरिए भगवान का अभिषेक और शांतिधारा का खास आयोजन किया। श्रद्धालुओं ने जिनेंद्र प्रभु के चरणों में अर्घ्य चढ़ाकर समाज और देश में शांति व समृद्धि की कामना की।
धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान उत्तम मार्दव धर्म का महत्व बताया गया। इस मौके पर अहंकार छोड़कर नम्रता अपनाने का संदेश दिया गया।
इस आयोजन में अशोक जैन, त्रिलोक जैन, सुशील जैन, बुद्धिप्रकाश, अनिल, शीतल, श्रेयांश, स्वास्तिक, हिमांशु, आयुष, पीयूष, सन्मति और विकास सहित जैन समाज के महिला-पुरुषों और युवाओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।




