
टोडारायसिंह शिक्षा अधिकारी कार्यालय का चपरासी गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। चपरासी के साथ उसके बेटे को भी तस्करी के आरोपी में पकड़ा गया है। दोनों कार में बैठे हुए थे। इसी दौरान पुलिस ने दबिश देकर पकड़ लिया।

ये कार्रवाई नासिरदा पुलिस ने की है। पुलिस ने सांसी बस्ती में छापेमारी कर आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है।

सांसी बस्ती में पानी की टंकी के पास खड़ी निसान मैग्नाइट कार की तलाशी में गांजा बरामद किया गया है।
थानाधिकारी रोडूमल ने बताया- टीम ने सांसी बस्ती में पानी की टंकी के पास खड़ी निसान मैग्नाइट कार की तलाशी ली। कार में टोडारायसिंह ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय का चपरासी भगत सिंह (55) और उसका बेटा तपेंद्र सिंह (26) निवासी नासिरदा बैठे हुए थे।
कार की तलाशी लेने पर उसमें से 118.92 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल निसान मैग्नाइट कार और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए। तपेंद्र सिंह के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
नासिरदा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ है। घाड़ थानाधिकारी हरिराम मामले में आगे की जांच कर रहे हैं। टीम में थानाधिकारी रोडूमल, एएसआई नंदकिशोर, हेड कॉन्स्टेबल रमेश, कॉन्स्टेबल जगदीश और संदीप शामिल थे।



