
घाड़ क्षेत्र के कोटड़ा गांव में शनिवार को खेतों में काम कर रहे किसानों को करीब 15 फीट लंबा और 30 किलो वजनी अजगर दिखा। इससे हड़कंप मच गया। अजगर देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। किसानों ने वन विभाग को सूचना दी।

सूचना पर वन विभाग की टीम से शिवराज गुर्जर, देवकिशन गुर्जर, भैरूलाल मीणा मौके पर पहुंचे। टीम ने सर्प रेस्क्यू को बुलाया। डिकला से गोपाल मीणा और सीताराम मीणा की टीम मौके पर पहुंची। अजगर बबूल के पेड़ में छिपा था। रेस्क्यू टीम ने ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी पर हटाया। बचाव कार्य शुरू किया। टीम ने जाल और रस्सियों से अजगर को बाहर निकालने की कोशिश की। सफलता नहीं मिली। इसके बाद टीम ने सावधानी से अजगर को पेड़ से बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। गोपाल मीणा ने बताया अजगर करीब 15 फीट लंबा था। वजन 30 किलो था। उन्होंने कहा घाड़ क्षेत्र में पहली बार इतना बड़ा अजगर दिखा।



