
बुधवार को शीतला माता के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था देखने को मिली। सेदरिया खुर्द से शीतला माता, चाकसू के लिए पदयात्रा शुरू हुई। ग्रामीणों ने पूजा-अर्चना कर पदयात्रा को रवाना किया।
यह पदयात्रा गाजे-बाजे और जयकारों के साथ रवाना हुई। यात्रा शुरू होने से पहले मुख्य झंडा धारक का श्रद्धालुओं ने स्वागत और सम्मान किया।
भक्त आशाराम गुर्जर सेदरिया मोड ने बताया कि पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। महिलाएं मंगल गीत गाते और नाचते हुए भक्ति भाव से आगे बढ़ रही थीं। श्रद्धालु शीतला माता के जयकारे लगाते हुए चाकसू की ओर उत्साह से रवाना हुए। पूरे रास्ते में भक्तिमय माहौल बना रहा।
पदयात्रा के दौरान ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने जगह-जगह यात्रियों के लिए जलपान और पीने के पानी का इंतजाम किया। लोगों ने पदयात्रियों का स्वागत किया और उनकी सेवा की। श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में पहुंचकर क्षेत्र में सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छी बारिश की कामना की।
पदयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने बताया कि वे हर साल श्रद्धा और भक्ति के साथ शीतला माता के दर्शन के लिए यह पदयात्रा करते हैं। इस दौरान पूरे रास्ते धार्मिक गीतों, भजनों और माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।




