
दूनी स्थित भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) कार्यालय की कर्मचारियों ने विशेष सफाई की है। इसके जल्द ही पूरी तरह से संचालित होने की उम्मीद है।
बीएसएनएल की टोंक जिला दूरसंचार सलाहकार समिति (TAC) के सदस्य कप्तान सिंह मीणा ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने हाल ही में जयपुर स्थित दूरसंचार विभाग के मुख्य महाप्रबंधक (CGM) कार्यालय में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में दूनी कार्यालय की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाया था। मीणा ने इसे तत्काल प्रभाव से सुचारु रूप से चालू करवाने की पुरजोर मांग की थी।
अधिकारियों ने बताया कि लगभग दो महीने पहले जयपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई थी। इसमें जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह, दौसा सांसद मुरारी लाल मीणा और जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे। इसी उच्चस्तरीय मंच पर TAC सदस्य कप्तान सिंह मीणा ने दूनी बीएसएनएल कार्यालय के पुनरुद्धार की मांग रखी थी।
सांसदों की मौजूदगी में उठी इस मांग और TAC सदस्य के प्रयासों के बाद विभाग हरकत में आया। इसके चलते सोमवार को दूनी स्थित बीएसएनएल कार्यालय की साफ-सफाई का कार्य संपन्न हुआ। विभाग के उच्च अधिकारियों ने जल्द ही इस कार्यालय को पूरी तरह से वापस चालू करने का सकारात्मक आश्वासन दिया है।






