
दत्तवास थाना पुलिस ने एनएच-11ए पर होटल रावत पैलेस के सामने से चोरी हुए आइशर ट्रक और उसमें भरे करीब 30 लाख रुपए के जिम उपकरणों की चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी की इस वारदात को ट्रक के ड्राइवर ने ही अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी की तलाश में करीब 450 किलोमीटर तक लगे सीसीटीवी और टोल नाकों के फुटेज खंगाले।
थाना प्रभारी निरमा मीणा ने बताया- 21 अगस्त की रात होटल रावत पैलेस के सामने से आइशर ट्रक चोरी हो गया था। ट्रक में करीब 30 लाख रुपए के जिम उपकरण भरे थे।
घटना के बाद पुलिस टीम ने तकनीकी मदद और टोल टैक्स के फुटेज के आधार पर ट्रक का पीछा किया। अगले दिन ट्रक को कोटा ग्रामीण के मुंडाना थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया गया।
इसके बाद पुलिस ने वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी मदद ली। करीब 450 किलोमीटर के रास्ते के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी कुंवरसिंह (48) को गिरफ्तार कर लिया।
कुंवरसिंह रामसिंह राजपूत का बेटा है और बड़ोदाकान, थाना कठूमर, जिला अलवर का रहने वाला है। फिलहाल वो जयपुर के मानसरोवर स्थित रजत पथ पर रहता है।
थाना प्रभारी निरमा मीणा ने बताया कि आरोपी की तलाश और मामले का खुलासा करने में हेड कॉन्स्टेबल नीरज कुमार की खास भूमिका रही। इस कार्रवाई में हेड कॉन्स्टेबल नाहर सिंह, रामबिलास और कॉन्स्टेबल विष्णु, बलवंत, मीठालाल और कैलाश शामिल थे।






