
जयपुर में चोरों के चक्कर में फंसकर पुलिस खुद क्राइम कर बैठी। एक घर के बाहर खड़ी बाइक को चोरी की समझ पिकअप में डालकर उठा ले गई। बाइक को सुनसान जगह पर झाड़ियों में छिपा होना बताकर पकड़े गए चोरों की निशानदेही पर बरामद करना बता डाला। यह चौंकाने वाला मामला महेश नगर थाने का 2 सितंबर का है। जहां मानसरोवर इलाके से पुलिसकर्मियों ने एक बाइक चोरी की मानकर उठा ली।

मानसरोवर के गुर्जर की थड़ी शांति नगर-ए निवासी राजेंद्र शर्मा इस परेशानी के शिकार बने। पीड़ित ने बताया- मैं परिवार के साथ रहता हूं। चाचा ससुर की बाइपास सर्जरी होने के चलते ईएचसीसी हॉस्पिटल में एडमिट करवाया था। उन्होंने बताया- 2 सितंबर को शाम मैं अपने घर के बाहर बाइक खड़ी कर हॉस्पिटल चला गया। अगले दिन सुबह लौटने पर घर के बाहर खड़ी बाइक गायब मिली। बाइक चोरी के अंदेशा होने के चलते घर के बाहर लगे CCTV फुटेजों को खंगाला।
पहले देखें PHOTOS: कैसे 2 मिनट में बाइक उठा ले गई पुलिस

युवक ने घर के बाहर रात 10:32 बजे बाइक खड़ी की।

करीब एक मिनट बाद पुलिस एक पिकअप लेकर घटनास्थल पर आई।

इस दौरान एक पुलिसकर्मी बाइक की निगरानी करता रहा।

दो मिनट में पुलिसकर्मी बाइक को लेकर चले गए।
पीड़ित ने कहा- CCTV फुटेज में दिखे पुलिसकर्मी
पुलिस वर्दी में उठा ले गए बाइक
पीड़ित राजेंद्र शर्मा ने बताया- CCTV फुटेज चेक करने पर रात करीब 10:30 बजे बाइक पर दो जने आकर रुकते दिखाई दिए। वे अपने साथ सफेद कलर की लोडिंग पिकअप भी साथ लेकर आए थे। बाइक पर आए एक युवक पुलिस की वर्दी पहने नजर आया। कुछ देर में घर के बाहर खड़ी बाइक को पिकअप में लोड कर ले गए।
पुलिस कंट्रोल रूम को दर्ज करवाई शिकायत
पीड़ित राजेंद्र शर्मा ने मानसरोवर थाने जाकर पुलिस वर्दी में आए लोगों के बाइक ले जाने के बारे में बताया। बीट अधिकारी सुरेश ने CCTV फुटेज देखेने पर भी पुलिस की कोई कार्रवाई में बाइक उठाने से मना कर दिया।
पीड़ित ने घर के बाहर से बाइक चोरी होने पर अगले दिन 3 सितंबर को सुबह करीब 9 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में मामले में शिकायत दर्ज करवाई।

महेश नगर थाने में खड़ी मिली बाइक
पीड़ित राजेंद्र शर्मा ने बताया- दोपहर करीब 12 बजे मानसरोवर पुलिस ने मुझे फोन कर महेश नगर थाने बुलाया। थाने जाने पर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने कहा- रात को चोर पकड़े थे। उनके कहने पर हमने गलतफहमी में बाइक उठा ली। उन चोरों की निशानदेही पर बाइक बरामद करना बताकर FIR में चढ़ा दी। आप खुद की बाइक चोरी की शिकायत दे दो। चोरों से बरामद होना दिखाकर कोर्ट से रिलीज करवाकर हम बाइक लौटा देंगे।
पीड़ित राजेंद्र शर्मा ने बताया- मेरे मना करने पर पुलिसकर्मियों ने कोर्ट से खुद ही बाइक छुड़ा लेने की कहकर थाने से भेज दिया।
एक किलोमीटर दूर से बरामदगी दिखाई
पीड़ित का आरोप है कि घर के बाहर से बाइक उठाने के दौरान आस-पास के लोगों से इस संबंध में पूछा तक नहीं गया। पुलिस ने दर्ज FIR में घर के बाहर से उठाई बाइक को एक किलोमीटर दूर सुल्तान नगर रोड पर पट्टियों की ओट में झाड़ियों से बरामद करना बताया, जबकि CCTV फुटेज में 2 सितंबर की रात पुलिस बाइक घर के बाहर से उठाकर ले जा रही है।
पुलिस बोली- गश्ती दल ने दो युवकों को पकड़ा, झाड़ियों में मिलीं बाइकें
महेश नगर थाना पुलिस की ओर से दर्ज FIR में चोर पकड़ने से पहले ही उसकी निशानदेही पर चोरी की बाइक बरामद कर ली गई। FIR में बताया- 2 सितंबर और 3 सितंबर की दरमियानी रात करीब 2:45 बजे कॉन्स्टेबल श्रवणराम और मय ईआर गश्त पर रवाना हुआ। तड़के 3:55 बजे सुल्तान नगर रोड पर दो लड़के बाइक को पैदल-पैदल लेकर जाते दिखे। पुलिस को वर्दी में देखकर बाइक खड़ी कर पीछे की तरफ मुड़कर जाने लगे। संदिग्ध मानकर दोनों को पकड़कर पूछताछ की गई। बाइक चोरी की होना बताने पर आरोपी पवन बर्मन और आलोक उमरवाल को पकड़ा गया।
जांच करने पर बाइक करणी विहार इलाके से 11 नवंबर 2022 को चोरी होने का पता चला। दोनों आरोपियों से पूछताछ करने पर चोरी की बाइक टीटू नाम के दोस्त से खरीदना बताया। पुलिस की ओर से कार्रवाई कर दोनों को अरेस्ट कर बाइक जब्त कर ली गई। सख्ती से पूछताछ में दोनों आरोपियों की निशानदेही पर सुल्तान नगर रोड में पट्टियों और झाड़ियों के बीच छिपा रखी 2-2 बाइक बरामद की गई।
SHO (महेश नगर) हवा सिंह ने बताया- पकड़े गए चोर की निशानदेही पर ही बाइक बरामद की गई है। आरोपियों ने पूछताछ नोट में भी चोरी की बाइक को बरामद करवाना बताया है।
दो बदमाशों को किया गिरफ्तार
DCP (साउथ) राजर्षिराज वर्मा ने बताया- महेश नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई कर वाहन चोरी में दो बदमाशों को अरेस्ट किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार-पांच बाइक भी बरामद की गई है। बदमाशों की निशानदेही पर एक बाइक घर के बाहर से उठाई गई। तस्दीक में उसके चोरी के नहीं होना सामने आया है, जिसे दूसरी जगह से बरामद दिखाने को लेकर जांच की जा रही है।





