
निवाई पुलिस और डीएसटी टोंक ने साइबर ठगी गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये फर्जी ईमेल, बैंक खाते, सिम कार्ड और सोशल मीडिया प्रोफाइल का इस्तेमाल कर लोगों को निवेश के नाम पर ठगते थे।

4 मोबाइल, 32 सिम कार्ड मिले
थाना प्रभारी घासीराम ने बताया, रामनगर निवासी लोकेश कुमार मीणा (27), चौरपुरा निवासी धनराज मीणा (28) और पवन मीणा (19) पकड़े गए। इनसे 4 मोबाइल, 7 डेबिट कार्ड, 3 आधार कार्ड, 7 बैंक पासबुक, 2 चेकबुक, 32 सिम कार्ड, एक बाइक, 700 रुपए नकद बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी गूगल पर फर्जी ईमेल बनाकर वॉट्सऐप और इंस्टाग्राम से लोगों से संपर्क करते थे। वे टेलीग्राम पर फर्जी चैनल बनाकर 2-3 घंटे में रकम दोगुनी-तिगुनी करने का लालच देते थे।
51 शिकायतें NCRP पोर्टल पर दर्ज
जांच में सामने आया, आरोपियों ने 32 सिम कार्ड का इस्तेमाल किया। इन सिम और बैंक खातों से जुड़ी 51 शिकायतें NCRP पोर्टल पर दर्ज हैं। आरोपी ठगी की रकम अलग-अलग बैंक खातों में डलवाकर गलत तरीके से पैसे कमाते थे। निवाई थाने में मामला दर्ज कर जांच जारी है।





