
जुए-सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 8 आरोपी गिरफ्तार कर मौके से 18610 रुपये समेत अन्य सामान जब्त किए गए।
टोंक पुलिस ने अवैध जुए-सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कालापलटन क्षेत्र में सट्टे की खाईवाली करने वाले 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 18,610 रुपए की सट्टा राशि के साथ सट्टे के हिसाब-किताब की 3 डायरियां, एक कैलकुलेटर, एक पेन और 7 सट्टा पर्चियां बरामद की हैं।

पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल प्रसाद और वृत्ताधिकारी टोंक के पर्यवेक्षण में कार्रवाई के लिए टीम गठित की गई। कोतवाली थाना प्रभारी भंवरलाल वैष्णव और डीएसटी प्रभारी उपनिरीक्षक ओमप्रकाश के नेतृत्व में टीम ने 3 अक्टूबर को कालापलटन क्षेत्र में दबिश दी। यहां सट्टे की खाईवाली करते हुए 8 आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस ने उनके कब्जे से सट्टे की राशि और इससे संबंधित सामग्री बरामद की।
8 आरोपी गिरफ्तार
मामले में आरपीजीओ एक्ट और बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में ईरशाद उल्ला (52), कदीर (50), अनीस (34), नजीर मोहम्मद (65), मोहम्मद मोइन (32), ललित कुमार मेघवाल (42), अमीराज (32) और कलीम खान (38) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार इनमें अधिकांश आरोपी टोंक शहर के अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले हैं। इनमें एक आरोपी पुरानी टोंक थाना क्षेत्र का और एक आरोपी कोटा जिले का रहने वाला है। कार्रवाई करने वाली टीम में डीएसटी और कोतवाली थाना पुलिस के अधिकारी व जवान शामिल रहे।





