
देवली शहर के कीर मोहल्ले में बुधवार रात करीब 45 साल के एक व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता तब चला जब परिजनों ने गेट खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।

बाद में परिजनों ने किसी तरह गेट खोला और अंदर गए। वहां उन्होंने व्यक्ति को फंदे से लटका हुआ पाया।
रात 12 बजे पुलिस को मिली सूचना
देवली थाने के सहायक उप निरीक्षक सत्यनारायण चौधरी ने बताया- मृतक किशन लाल पुत्र रामपाल कीर को लोग पटेल के नाम से भी जानते थे।
पुलिस को बुधवार रात करीब 12 बजे अस्पताल से फंदा लगाने की खबर मिली थी। सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली।
मृतक के भाई कान्हाराम ने पुलिस को बताया कि किशन लाल बुधवार रात अपने तीन मंजिला मकान की ऊपरी मंजिल पर गया था। कुछ देर बाद परिजनों ने गेट खटखटाया, लेकिन उसने गेट नहीं खोला।
इसके बाद परिजनों ने किसी तरह गेट खोला तो किशन लाल फंदे से लटका मिला। परिजनों ने उसे नीचे उतारा और इलाज के लिए अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत बताया।
गुरुवार सुबह हुआ पोस्टमॉर्टम
रात होने के कारण शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा गया। गुरुवार सुबह पुलिस ने पंचनामा के बाद पोस्टमॉर्टम कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक फल-सब्जी और परचून बेचने का काम करता था।






