
देवली के गणेश रोड स्थित रामद्वारा के पीछे जंगली इलाके में गुरुवार सुबह 27 साल के एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला।
लोगों के वहां पहुंचने पर घटना का पता चला। सूचना मिलते ही देवली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
युवक के हाथ में मिली सिरिंज
थाना प्रभारी प्रीति ने बताया- मृतक की पहचान दांता ढाणी निवासी मस्तराज पुत्र शिवसिंह मीणा के रूप में हुई है। उसके जीजा फतेहलाल मीणा ने शव की पहचान की। मृतक के हाथ में एक सिरिंज लगी मिली, जिससे पहली नजर में नशे के सेवन की आशंका जताई जा रही है।

परिजनों के मुताबिक, मस्तराज करीब एक साल से शहर के कोटा रोड स्थित नशा मुक्ति केंद्र में इलाज करवा रहा था। बताया गया कि केंद्र में रहते हुए भी वह नशा करता था।
दांता ढाणी ले जाते समय रास्ते में उतर गया था
बुधवार को केंद्र के कर्मचारियों ने उसके जीजा फतेहलाल को मस्तराज को वहां से ले जाने के लिए कहा था। उसे दांता ढाणी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में मस्तराज कुचलवाड़ा में उतर गया। उसके पास एक बैग भी था। इसके बाद परिजनों को उसका कोई पता नहीं चला।
पुलिस के अनुसार, मस्तराज इसके बाद गणेश रोड स्थित रामद्वारा के पीछे बबूल के पेड़ों वाले इलाके में पहुंचा। यहां एक बाबा का स्थान भी है, जहां लोग पूजा करते हैं। गुरुवार सुबह वह एक सफेद कट्टे पर मृत मिला। उसने काली जींस और शर्ट पहन रखी थी। उसके पास एक बैग भी मिला।
पर्ची पर मोबाइल नंबर लिखा मिला
बैग के पास पुलिस को एक पर्ची मिली, जिस पर मोबाइल नंबर लिखा था। पुलिस ने उस नंबर पर संपर्क किया, जिसके बाद मृतक के परिजनों की पहचान हो सकी।
थाना प्रभारी प्रीति रत्नू, सहायक उप निरीक्षक भारत सिंह और पुलिसकर्मी इस्माइल व हुकुमनाथ मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। हालांकि, मौत के असली कारणों का पता जांच और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।






