जयपुर, 2 घंटे पहले

राजस्थान के 13 जिलों में सोमवार को तेज हवा चलने और बारिश का यलो अलर्ट है। कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं। श्रीगंगानगर में आज सुबह 9:22 बजे आंधी चली। इससे दिन में अंधेरा जैसा हो गया। बूंदाबांदी भी हुई।

इससे पहले, रविवार को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से बीकानेर, चूरू, झुंझुनूं और सीकर के एरिया में घने बादल छाए। बारिश के साथ ओले भी गिरे। इससे तापमान में गिरावट हुई है।
राजधानी जयपुर में भी रात को मौसम बदला और गलताजी समेत कई इलाकों में बरसात हुई। इसके चलते रात में हल्की ठंडक हो गई।
जैसलमेर में रविवार को अधिकतम तापमान 4 डिग्री गिरकर 36.8 डिग्री दर्ज हुआ। रविवार को सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री फलोदी में दर्ज हुआ।


श्रीगंगानगर के श्रीकरणपुर में सोमवार सुबह काले बादल छाए। जिले में सुबह आंधी भी चली। इसका सिस्टम पाकिस्तान के थार की तरफ जनरेट हुआ था।
पिछले 24 घंटे में बीकानेर के महाजन फील्ड, रानीसर, लूणकरणसर, सीकर के फतेहपुर शेखावाटी और श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ में हल्की बारिश हुई। बीकानेर, फतेहपुर शेखावाटी में तूफानी बारिश के साथ ओले गिरे।
देर शाम चूरू के सुजानगढ़ और बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में भी तेज बारिश के साथ ओले गिरे। सीकर के फतेहपुर में 23MM पानी बरसा।








