निवाई, 18 घंटे पहले

निवाई उपखंड में सोमवार दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल गया। शहर और आसपास के कई गांवों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इससे कृषि उपज मंडी में खुले में रखी किसानों की फसल भीग गई। किसान बाजरा, उड़द और अन्य फसलें लेकर मंडी पहुंचे थे।

10 बोरी बाजरा भीगा
भरथल गांव के किसान कमल मीणा ने बताया कि प्लेटफॉर्म पर व्यापारियों का माल रखा था, इसलिए उन्हें अपनी उपज बाहर रखनी पड़ी। अचानक बारिश से उनका करीब 5 बोरी बाजरा भीग गया। इसी तरह सकतपुरा के किसान राधेश्याम मीणा का भी करीब 10 बोरी बाजरा खराब हो गया।
जींस बचाने के लिए नहीं मिला पर्याप्त समय
किसानों का कहना है कि मंडी में फसल पहुंचने के बाद बारिश से उपज बचाने का पर्याप्त समय नहीं मिला। इससे कई किसानों को आर्थिक नुकसान हुआ। दत्तवास, झिलाय, करेड़ा बुजुर्ग, गुंसी, जोधपुरिया और राहोली समेत कई गांवों में भी हल्की बारिश हुई।
यह बारिश खेतों में तैयार फसलों को नुकसान पहुंचा सकती है, लेकिन आगामी रबी सीजन में सरसों की बुवाई के लिए फायदेमंद मानी जा रही है। खेतों में नमी आने से सरसों की बुवाई में मदद मिलेगी।
तापमान में आई गिरावट
बारिश के बाद ठंडी हवा चलने से तापमान में करीब 5 डिग्री की गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि, खेतों में पककर तैयार फसल वाले किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी बारिश का अलर्ट जारी किया है।






