
अजमेर नगर निगम के 80 वार्डों में दूसरे चरण के चुनाव के लिए बुधवार शाम 5 बजे चुनाव प्रचार थम गया। प्रचार के आखिरी दिन भाजपा और कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी। स्थानीय नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ वार्ड-वार्ड पहुंचकर प्रत्याशियों के समर्थन में वोट की अपील की।

प्रचार के आखिरी दिन अलग-अलग तस्वीरें भी सामने आईं। वार्ड 57 से भाजपा प्रत्याशी नीतू सिंह ने प्रतिबंध के बावजूद ऊंट गाड़ियों के साथ रोड शो कर प्रचार किया। वार्ड संख्या 61 में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी मीणा के एएसआई पति को सस्पेंड कर दिया। कांग्रेस ने भाजपा पर सत्ता का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।
वहीं, अजमेर दक्षिण से विधायक अनीता भदेल वार्ड 20 में भाजपा प्रत्याशी के प्रचार के दौरान महिला वोटर के साथ डांस करती नजर आईं। वार्ड 42 में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी एक कलाकार को गोरिल्ला का रूप देकर प्रचार के लिए पहुंचे।
दूसरे चरण के चुनाव को लेकर प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदान दलों का तृतीय रेंडमाइजेशन 9 सितंबर को होगा। इसके बाद 10 सितंबर को अंतिम प्रशिक्षण और निर्वाचन सामग्री का वितरण किया जाएगा। 11 सितंबर को चुनाव होगा। दोनों चरणों की मतगणना 14 सितंबर को संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों की देखरेख में होगी।
अब सबसे पहले देखिए चुनाव प्रचार के आखिरी दिन की खास तस्वीरें…

भाजपा प्रत्याशी नीतू सिंह ने प्रतिबंध के बावजूद ऊंट गाड़ियों के साथ रोड शो कर प्रचार किया।

आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी एक कलाकार को गोरिल्ला का रूप देकर प्रचार के लिए पहुंचे।

विधायक अनीता भदेल वार्ड 20 में भाजपा प्रत्याशी के प्रचार के दौरान महिला वोटर के साथ डांस करती नजर आईं।
प्रतिबंध के बावजूद ऊंट गाड़ियों पर चुनाव प्रचार
अजमेर के वार्ड 57 से बीजेपी प्रत्याशी नीतू सिंह ने बुधवार को रोड शो कैमल सफारी के साथ निकाला गया, जिसमें ऊंटों के साथ प्रचार करते हुए वोट की अपील की गई। कैमल सफारी के साथ निकला यह रोड शो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। बता दें कि निर्वाचन विभाग ने इस पर प्रतिबंध लगा रखा है, इसके बावजूद प्रशासन की ओर से न तो इसे रोका गया और न ही कोई कार्रवाई फिलहाल की गई है।
अजमेर शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजकुमार जयपाल ने बताया-ऊंट गाड़ियों से चुनाव प्रचार करने का मामला सामने आया है। इस सम्बन्ध में निर्वाचन विभाग को शिकायत कर कार्रवाई की मांग की जाएगी।
इस सम्बन्ध में बात करने पर कलेक्टर लोक बंधु ने कहा कि मामला दिखवाएंगे। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
35 साल तक के 1.47 लाख वोटर, युवा मतदाताओं पर नजर
अजमेर नगर निगम क्षेत्र में कुल 4,33,794 मतदाता हैं। इनमें 18 से 25 वर्ष की उम्र के 53,140 मतदाता हैं, जबकि 26 से 35 वर्ष के 94,748 मतदाता हैं। इस तरह 35 साल तक की उम्र के कुल 1,47,888 मतदाता चुनावी गणित में अहम भूमिका निभाएंगे। इनमें 18 से 25 साल का युवा वोटर वर्ग खास तौर पर प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।






