टोंक, 2 घंटे पहले

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर निशाना साधा हैं। उन्होंने कहा- कांग्रेस में झगड़े की जड़ डोटासरा हैं। कांग्रेस में डोटासरा बिना फुटबॉल के फुटबॉल खेल रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली को लेकर भी राठौड़ ने कहा कि जूली साहब अलग से मुंगेरीलाल के सपने देख रहे हैं।

राठौड़ बुधवार को टोंक दौरे पर थे। भाजपा जिला ऑफिस में उन्होंने मीडिया से बातचीत कीं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा पायलट के लिए इस्तेमाल किए गए निकम्मा जैसे शब्दों की चुभन सचिन पायलट कभी नहीं भूल सकते। ऐसे शब्दों के बाद दोनों नेताओं का एक होना मुश्किल है। जब भी अशोक गहलोत और सचिन पायलट मिलते हैं, तो दोनों एक-दूसरे से आंखे तक नहीं मिलाते।
हनुमान बेनीवाल द्वारा सचिन पायलट को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राठौड़ ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में भाषा और शब्दों का चयन सही होना चाहिए। भाषा की गरिमा में गिरावट नहीं आनी चाहिए।

टोंक भाजपा ऑफिस मदन राठौड़ का स्वागत करते हुए कार्यकर्ता।
उन्होंने राजस्थान में तीसरे मोर्चे की संभावनाओं पर कहा कि प्रदेश में तीसरे मोर्चे की कोई जगह नहीं है। नरेश मीणा द्वारा चुनाव लड़ने की घोषणा पर राठौड़ ने कहा कि वे स्वतंत्र हैं और चुनाव लड़ने का निर्णय उनका अपना है।
पंचायत चुनाव को लेकर मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य गांवों को भी शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। गांवों को मजबूत बनाना और ग्रामीण क्षेत्रों का विकास करना पार्टी की प्राथमिकता है।
मदन राठौड़ ने कहा कि जनता सब समझ रही है कि कौन सेवा कर रहा है। भाजपा की पूरी टीम सेवा भाव से चुनाव लड़ती है और जीत हासिल करती है।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस जहां चुनाव जीतती है, वहां चुनाव प्रक्रिया सही बताती है। जबकि हारने पर सवाल उठाने लगती है। भाजपा में एकजुटता का दावा करते हुए राठौड़ ने कहा कि पार्टी में कोई बिखराव नहीं है और सभी एकजुट हैं। जिन क्षेत्रों में भाजपा को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है, वहां सुधार किया जाएगा।






