
पीपलू में मिठाई दुकानों से बर्फी-लड्डू और खोया के नमूने लिए गए।
पीपलू में त्योहार को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत कार्रवाई की। विभाग की टीम ने पीपलू क्षेत्र के खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया और मिठाई और खोया के नमूने लिए।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बस स्टैंड पीपलू स्थित मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी का नमूना लिया। इसके अलावा स्वीट कॉर्नर से बेसन के लड्डू और अन्य मिष्ठान भंडार से खोया के नमूने लिए। इन सभी नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. मदन लाल गुर्जर ने बताया कि त्योहारों पर शुद्ध खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिलेभर में लगातार निरीक्षण अभियान जारी रहेगा। इस कार्रवाई के दौरान तिलक वर्मा, होमगार्ड कालूराम गुर्जर और वाहन चालक जितेंद्र बैरवा भी मौजूद रहे।
मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शैलेंद्र सिंह चौधरी ने चेतावनी दी कि मिलावटखोरी और एक्सपायरी सामान बेचने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले विक्रेताओं पर सख्त वैधानिक कार्रवाई होगी।






