
टोंक जिले के पीपलू उपखंड क्षेत्र के ग्राम बगड़ी में निवाई रोड स्थित पावर हाउस के पास बुधवार से बाबा रामदेवजी का नि:शुल्क भंडारा शुरू हो गया है। यह आयोजन जनसहयोग से किया जा रहा है और आगामी एक माह तक निरंतर जारी रहेगा।
इस भंडारे में बाबा रामदेवजी के दर्शन के लिए जाने वाले पदयात्रियों और अन्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। इसमें चाय, पानी और नि:शुल्क भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इस आयोजन को सफल बनाने में ग्राम पंचायत बगड़ी, ग्राम पंचायत सिदड़ा और ग्राम पंचायत अनवरपुरा खेड़ा का विशेष सहयोग मिल रहा है।
आयोजन समिति के सदस्य कमल चंद वैष्णव ने बताया कि भंडारे में प्रतिदिन लगभग 10 से 15 ग्रामीण नि:शुल्क सेवा कार्य में अपना योगदान दे रहे हैं। ग्रामीणों के आपसी सहयोग से श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।






