
बनेठा कस्बे में त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए।
विभाग की टीम ने सैनी मावा मिष्ठान भंडार से मावा निर्मित बर्फी का नमूना लिया। जोधपुर मिष्ठान भंडार, बस स्टैंड बनेठा से मावा का सैंपल संग्रहित किया गया। इसके अतिरिक्त, मैसर्स वीर चंद विमल चंद प्रतिष्ठान से महान ब्रांड घी का नमूना भी लिया गया।
सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। विभाग के अनुसार, जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के दौरान अविनाश साहू, राजेंद्र सैनी, होमगार्ड रामेश्वर प्रसाद और वाहन चालक राकेश सैनी मौजूद रहे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्यनारायण गुर्जर ने बताया कि त्योहारी सीजन में आमजन को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिलेभर में लगातार निरीक्षण और नमूना संग्रह किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शैलेंद्र सिंह चौधरी ने पुष्टि की कि मिलावट और अवधिपार खाद्य पदार्थों की बिक्री के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा।






