
टोंक कलेक्ट्रेट सभागार में पीपलू नगर पालिका चुनाव 2026 के लिए वार्ड आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया पूरी हो गई है। इस प्रक्रिया के तहत चेयरमैन पद अनुसूचित जाति (SC) ओपन वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। आरक्षण सूची जारी होने के बाद कस्बे में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
लॉटरी प्रक्रिया के दौरान कलेक्टर टीना डाबी, बीजेपी जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान, निवाई-पीपलू विधायक रामसहाय वर्मा, देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर और नगर परिषद आयुक्त धर्मपाल चौधरी सहित विभिन्न निकायों के ईओ उपस्थित रहे।
चेयरमैन पद के SC ओपन वर्ग के लिए आरक्षित होने से कई पुराने राजनीतिक दिग्गजों के समीकरण प्रभावित हुए हैं। वहीं, अनुसूचित जाति वर्ग के दावेदारों में उत्साह देखा जा रहा है। विभिन्न राजनीतिक दलों के संभावित उम्मीदवार अब अपनी रणनीति बनाने में जुट गए हैं।

पीपलू नगर पालिका के कुल 20 वार्डों के लिए आरक्षण की लॉटरी निकली। अनुसूचित जाति (SC) ओपन के लिए वार्ड 3, 16, 18 (कुल 3 वार्ड) आरक्षित किए गए हैं। अनुसूचित जाति (SC) महिला के लिए वार्ड 20 (कुल 1 वार्ड) आरक्षित है।
इसी प्रकार अनुसूचित जनजाति (ST) ओपन के लिए वार्ड 2 (कुल 1 वार्ड) आरक्षित है। अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) ओपन के लिए वार्ड 7, 12, 19 (कुल 3 वार्ड) आरक्षित हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) महिला के लिए वार्ड 10 (कुल 1 वार्ड) आरक्षित है।
सामान्य (अनारक्षित) महिला के लिए वार्ड 5, 8, 9, 15 (कुल 4 वार्ड) आरक्षित हैं। सामान्य (अनारक्षित) पुरुष के लिए वार्ड 1, 4, 6, 11, 13, 14, 17 (कुल 7 वार्ड) आरक्षित किए गए हैं।

वार्ड आरक्षण सूची सार्वजनिक होने के बाद कस्बे में चुनावी रणनीतियों पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कई मौजूदा नेताओं को अपने वार्ड आरक्षित होने के कारण पड़ोसी वार्डों से चुनाव लड़ने पर विचार करना पड़ सकता है। वहीं, कई नए युवा चेहरे भी चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में हैं।






