
राजस्थान ग्रामीण बैंक की रानोली शाखा द्वारा मुख्य बाजार स्थित तेजाजी चौक में एक दिवसीय वित्तीय और डिजिटल साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों को बैंक की जनकल्याणकारी योजनाओं, डिजिटल बैंकिंग और साइबर सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक किया गया।
शिविर की अध्यक्षता शाखा प्रबंधक मोहित जैन और वित्तीय साक्षरता समन्वयक बीएल वर्मा ने की। उन्होंने केंद्र सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) और अटल पेंशन योजना (APY) की जानकारी दी।
शिविर के दौरान बैंक अधिकारियों ने डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने की बात की। उन्होंने ग्रामीणों को एटीएम, यूपीआई और मोबाइल बैंकिंग का सुरक्षित तरीके से उपयोग करने तथा अधिक से अधिक लेनदेन डिजिटल माध्यमों से करने के लिए प्रेरित किया।
बढ़ते साइबर अपराधों पर शाखा प्रबंधक ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में अपना बैंक खाता किसी अन्य व्यक्ति को किराए पर न दें।
उन्होंने यह भी बताया कि किसी अनजान व्यक्ति या लोभ-लुभावने कॉल के झांसे में आकर संदिग्ध राशि अपने खाते में न मंगवाएं। यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है, तो तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन/टोल-फ्री नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। अंत में ग्रामीणों से साहूकारों के चंगुल से बचने और बैंक की लोन योजनाओं का फायदा उठाने की अपील की गई।






