
पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों की घोषणा के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। गांवों के चौराहों और चाय की दुकानों पर चुनावी चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। सुबह की पहली चाय के साथ शुरू होने वाला यह सिलसिला अब गांव की भावी राजनीति, संभावित उम्मीदवारों और जीत-हार के समीकरणों पर केंद्रित हो गया है।
चाय की चुस्कियों के बीच ग्रामीण अपने पसंदीदा दावेदारों के पक्ष में माहौल बनाते दिख रहे हैं। कुछ लोग निवर्तमान जनप्रतिनिधियों के पिछले कार्यकाल के कामकाज का मूल्यांकन कर रहे हैं, तो कुछ इस बार नए और युवा चेहरों को अवसर देने की बात कह रहे हैं। वहीं, कई ग्रामीण गांव की मूलभूत समस्याओं को इस चुनाव का मुख्य मुद्दा बनाने की रणनीति बना रहे हैं।
ग्रामीणों का मानना है कि इस बार का चुनाव केवल जातिगत समीकरणों पर आधारित नहीं होगा। गांव की खराब सड़कें, पेयजल संकट, बिजली की सुचारु आपूर्ति, नालियों की सफाई, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं जैसी बुनियादी जरूरतें भी उम्मीदवारों की जीत-हार तय करेंगी। दूसरी ओर, संभावित प्रत्याशी भी मतदाताओं का रुख जानने के लिए घर-घर जाकर संपर्क साधने में जुट गए हैं।






