
देवली में राजकीय यूनानी औषधालय के नए भवन निर्माण की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। नगर पालिका ने औषधालय भवन के लिए भूमि आवंटित कर दी है। इससे देवली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर यूनानी चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।
वरिष्ठ यूनानी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहम्मद रोशन ने बताया-नगर पालिका प्रशासन ने नए भवन निर्माण के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। आवंटन दस्तावेज के अनुसार, खसरा संख्या 4437/4851 में कुल 448.54 वर्ग मीटर भूमि आवंटित की गई है। यह भूमि 99 वर्ष की अवधि के लिए निःशुल्क प्रदान की गई है।
चिकित्सा सुविधाओं में होगी बढ़ोतरी
भूमि आवंटन के बाद अब भवन निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है। डॉ. रोशन ने बताया कि नए भवन से देवली शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को आधुनिक, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण यूनानी चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी। अब विभाग द्वारा बजट स्वीकृति और भवन निर्माण का कार्य शुरू होने की उम्मीद है।






