देवली, टोंक। 5 घंटे पहले

देवली के पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में ‘मेरे सपनों का भारत-विकसित भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता हुई। इसके साथ ही मेंटोर-मेंटी गतिविधि भी आयोजित की गई।

एक तीन सदस्यीय समिति ने तीन सबसे अच्छे चित्रों का चुनाव किया। इन चित्रों को मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी देवली को भेजा गया है। कार्यक्रम प्रभारी हरिप्रसाद मीणा ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता 28 सितंबर को होगी। इसमें पहले स्थान पर 2100 रुपए, दूसरे पर 1100 रुपए और तीसरे पर 500 रुपए का नकद इनाम दिया जाएगा।
अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर राजेश कुमार शर्मा ने छात्रों को छात्रवृत्तियों की जानकारी दी। पीएम श्री योजना के तहत फाउंडेशन ऑफ साइंस द्वारा आयोजित ओलंपियाड की तैयारी के लिए छात्रों को वर्कबुक और प्रेप-गाइड भी बांटी गईं।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) ऊंचा में सत्र 2026-27 की खाली सीटों पर सीधे एडमिशन शुरू हो गए हैं। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।
इच्छुक उम्मीदवार 22 सितंबर दोपहर 12 बजे तक राजस्थान सरकार के एसएसओ पोर्टल (SSO-ID/E-Mitra) के जरिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद उन्हें संस्थान में अपने दस्तावेज और फीस जमा करानी होगी।
इसके बाद संस्थान अपनी मेरिट लिस्ट जारी करेगा और एडमिशन प्रक्रिया शुरू होगी। महिला अभ्यर्थियों से कोई प्रशिक्षण शुल्क नहीं लिया जाएगा।






