
दूनी की 21 किमी कांवड़ यात्रा शुरू हो गई है।
दूनी तहसील क्षेत्र की सबसे बड़ी 11वीं विशाल कांवड़ यात्रा बुधवार को नीलकंठ महादेव, इन्दोदा बावड़ी से पूर्ण धार्मिक उत्साह के साथ शुरू हुई। 21 किलोमीटर लंबी यह यात्रा अरावली पर्वतमाला की पहाड़ियों पर स्थित प्राचीन धुंधलेश्वर महादेव मंदिर तक जाएगी।
यात्रा का शुभारंभ समस्त आयोजन समिति के साथ धन्ना पीठाधीश्वर श्री मुनीश्वर देवाचार्य के पावन सान्निध्य में किया गया। इस धार्मिक आयोजन में दो दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीण बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें पुरुष, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हैं।

दो दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीण हिस्सा ले रहे है।
इस विशाल कांवड़ यात्रा में प्रमुख रूप से कलन्दरपुरा, इन्दोदा, घाड़, कंवरपुरा, गेरोटी, बेहलडी, हाडोती, इकबाल गंज, धुवां कला, धुवां खुर्द, दौलतपुरा, डाटुन्दा, चारनेंट, कोटडा और केदारा सहित अनेक गांवों के श्रद्धालु अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।
कांवड़ यात्रा के मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह जलपान और अल्पाहार की विशेष व्यवस्था की गई है। धुंधलेश्वर महादेव पहाड़ के नीचे एक भव्य रात्रि जागरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राजस्थान के प्रसिद्ध कलाकार हेमराज सैनी एंड पार्टी सहित प्रदेशभर से आए अन्य कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

11,000 श्रद्धालुओं के लिए लड्डू का प्रसाद तैयार किया है।
यात्रा के समापन और दर्शन के पश्चात गुरुवार को धुंधलेश्वर महादेव परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन होगा। समिति द्वारा लगभग 11,000 श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी की विशेष व्यवस्था की गई है।






