
निवाई में नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए एक कलश यात्रा निकाली गई। निर्वाचन अधिकारी गंभीर सिंह के निर्देश पर नगर पालिका के तत्वावधान में यह यात्रा आयोजित की गई। स्वीप प्रभारी रामेश्वर मीणा और सहप्रभारी मीरा चौधरी ने इसका नेतृत्व किया।
मतदान को लेकर वोटरों को किया जागरूक
इस यात्रा में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर सजे हुए कलश धारण कर शामिल हुईं। उन्होंने ‘मेरा वोट, मेरा अधिकार’, ‘मजबूत लोकतंत्र की पहचान’ और ‘हर मतदाता करे मतदान’ जैसे जागरूकता संदेशों के माध्यम से लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया।
महिलाओं ने आमजन से किया संवाद
कलश यात्रा कृषि उपज मंडी समिति से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों, गलियों और अहिंसा सर्किल से होते हुए राजकीय आदर्श उच्च प्राथमिक विद्यालय पहुंची। मार्ग में महिलाओं ने आमजन से संवाद कर मतदान के महत्व पर जोर दिया और प्रत्येक पात्र मतदाता से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया।
विद्यालय में सभी को मतदान के प्रति जागरूकता की शपथ दिलाई गई। इस दौरान निष्पक्ष, निर्भीक और शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करने, अपने मताधिकार का स्वयं प्रयोग करने तथा अन्य मतदाताओं को भी प्रेरित करने का संकल्प लिया गया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम के सफल आयोजन में अधिशाषी अधिकारी नवरतन शर्मा और विकास अधिकारी हंसराज गुर्जर सहित स्वीप प्रकोष्ठ की टीम सदस्य धनसिंह, पप्पूलाल, सुरेश, सुनील और रमेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अतिरिक्त, नगर पालिका, पंचायत समिति, चिकित्सा, स्वास्थ्य, राजीविका, समेकित बाल विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग की आशा सहयोगिनियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और एएनएम सहित विभिन्न विभागों की महिला कार्मिकों ने भी इसमें सहभागिता की।






