जयपुर, 4 मिनट पहले

जयपुर में प्रॉपर्टी विवाद को लेकर छोटे ने बड़े भाई की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया। आरोपी 11 महीने पहले ही अमेरिका से लौटा था। घटना बनीपार्क इलाके के राम पार्क के सामने मंगलवार सुबह 7 बजे हुई।

SHO सुरेश यादव ने बताया संत कंवर राम पार्क के पीछे सिंधी कॉलोनी निवासी- श्याम बगानी (65) की उसके छोटे भाई मुरली बगानी (58) ने हत्या कर दी। श्याम आज सुबह घर से मंदिर जाने के लिए स्कूटी पर निकले थे। घर से 300 मीटर दूर राम पार्क के सामने मुरली ने उन्हें रोका। रुकते ही छोटे भाई ने डंडे से मारपीट शुरू कर दी।
श्याम संभल पाते उससे पहले ही मुरली ने चाकू निकालकर हमला बोल दिया। गंभीर हालत में श्याम को एसएमएस हॉस्पिटल में ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं।

बड़े भाई मंदिर जाने के लिए घर से निकले थे। सड़क पर पहुंचते ही छोटे भाई ने हमला कर दिया।
पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि बड़े भाई की ओर से प्रॉपर्टी में हिस्सा नहीं देने को लेकर विवाद था। इसी विवाद के चलते हमला किए जाने की बात सामने आई है।
मृतक तीन भाई थे, सबसे बड़े प्रकाश बगानी थे, जिनका 2014 में अमेरिका में निधन हो गया था। उनसे दूसरे नंबर पर श्याम बगानी थे। तीसरे नंबर का भाई आरोपी मुरली बगानी है। मृतक श्याम बगानी फिलहाल घर पर ही रहते थे। उनका बेटा चिराग बगानी ऑनलाइन काम करता है।

24 साल अमेरिका में रहा, लौटते ही अरेस्ट
पुलिस के अनुसार आरोपी मुरली बगानी चर्च स्ट्रीट, बलीज सिटी सेंट्रल अमेरिका में रहता था। उसकी पत्नी और बच्चे अभी अमेरिका में रहते हैं। 24 साल अमेरिका में रहने के बाद करीब 11 महीने पहले, काम में घाटा होने के बाद वह जयपुर आकर रहने लगा था। फिलहाल वह सीकर रोड पर शेखावाटी नगर रह रहा है।
अमेरिका जाने से पहले आरोपी मुरली के खिलाफ जयपुर के महिला नॉर्थ थाने में दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज था, जिसके चलते 6 सितंबर को पुलिस ने उसे अरेस्ट कर जेल भेजा था। जेल से बाहर आने पर प्रॉपर्टी बंटवारे को लेकर मुरली का बड़े भाई से विवाद शुरू हुआ था।






