घाड़ (देवली), टोंक। 3 घंटे पहले

राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम ने गैरोलीमोड चौराहे को आधिकारिक बस स्टॉप घोषित किया है। यह चौराहा जयपुर-कोटा नेशनल हाईवे 52 पर छान और सरोली मोड़ के बीच स्थित है। निगम ने आम जनता और जनप्रतिनिधियों की मांग पर यह फैसला लिया है।

टोंक आगार के मुख्य प्रबंधक ने 16 सितंबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया। इसके तहत, टोंक-देवली-टोंक मार्ग पर चलने वाली सभी डिपो की बसों के चालकों और परिचालकों को गैरोलीमोड पर बस रोकने और यात्रियों को चढ़ाने-उतारने के निर्देश दिए गए हैं।
इस आदेश की जानकारी कार्यकारी निदेशक (यातायात) मुख्यालय जयपुर, सभी डिपो के मुख्य प्रबंधकों और टोंक आगार के प्रबंधक (यातायात/संघा) को भी भेज दी गई है ताकि जरूरी कार्रवाई और आदेश का पालन हो सके।
यात्री लंबे समय से गैरोलीमोड या देवड़ावास मोड़ पर बस स्टॉप बनाने की मांग कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने इस संबंध में सांसद हरीश मीणा और विधायक राजेंद्र गुर्जर से भी गुहार लगाई थी।
इस फैसले से देवड़ावास ग्राम पंचायत, गैरोली ग्राम पंचायत और नयागांव सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को फायदा होगा। अब उन्हें बस पकड़ने के लिए छान या सरोली मोड़ तक नहीं जाना पड़ेगा।





