
पीपलू उपखंड क्षेत्र के नवरंगपुरा गांव में पिछले छह महीने से लंबित बिजली ट्रांसफार्मर (डीपी) कनेक्शन और खतरनाक ढंग से झुके बिजली के पोल की समस्या का समाधान हो गया है। दैनिक भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद बिजली विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों समस्याओं को पूरी तरह से हल कर दिया है।
टोंक बिजली विभाग के SE शेर सिंह मीणा के निर्देश पर पीपलू के JEN की तकनीकी टीम ने तत्परता दिखाई। टीम ने बैरवा मोहल्ले में नई डीपी को चालू कर उपभोक्ताओं के कनेक्शन जोड़ दिए, जिससे लंबे समय से चला आ रहा बिजली संकट समाप्त हो गया है।
इसके अलावा, गांव के मुख्य रास्ते और सार्वजनिक तालाब के पास झुके हुए जर्जर बिजली के पोल को भी पूरी तरह से सीधा कर सुरक्षित खड़ा कर दिया गया है। इस कार्य के पूरा होने से अब स्कूली बच्चों और राहगीरों पर मंडरा रहा बड़े हादसे का खतरा टल गया है।
कार्य संपन्न होने पर स्थानीय ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने दैनिक भास्कर डिजिटल और इस मामले में मुस्तैदी दिखाने वाले बिजली विभाग के अधिकारियों का आभार जताया है।






