
ग्राम पंचायत रानोली के राजस्व गांव इनायतगंज स्थित प्राचीन ताड़केश्वर शिव मंदिर में प्रदोष के शुभ संयोग पर भगवान शिव का भव्य सहस्त्र घट अभिषेक आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश पूजन और माता कुलदेवी की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद पांच विद्वान पंडितों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिव पंचायत का पूजन संपन्न कराया गया।
भगवान भोलेनाथ को पंचामृत स्नान कराया गया। तत्पश्चात दूध मिश्रित जल से सहस्त्र घट के माध्यम से उनका अभिषेक किया गया।
अभिषेक के उपरांत भगवान शिव का मनमोहक पुष्पों से आकर्षक श्रृंगार किया गया और झांकी सजाई गई। कार्यक्रम के अंत में महाआरती उतारी गई, जिसके बाद विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
आयोजनकर्ता प्रहलाद मीणा ने बताया कि मुख्य पूजा-अर्चना आचार्य पंडित भगवान दाधीच, समेलिया और मूलचंद शर्मा द्वारा संपन्न कराई गई।
इस मौके पर पूर्व सरपंच रामलाल मीणा, नवरत्न मीणा, मंगल मीणा, कंचन मीणा, रजनी मीणा, छोटी बाई सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और शिवभक्त मौजूद रहे।





