
पीपलू थाना पुलिस ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। पुलिस ने दो महीने से फरार एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, वहीं साइबर अपराध से जुड़े एक मामले में 5.32 लाख रुपए से अधिक के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा किया है।
थानाधिकारी शिवचरण ने बताया कि एनएच-52 पर हुई एक चोरी के मामले में दो महीने से फरार चल रहे आरोपी सद्दाम खान (35 वर्ष) को निवाई क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। सद्दाम खान सूर्या धर्मकांटा के पीछे नई कॉलोनी, तन पहाड़ी (थाना बरोनी) का निवासी है। आरोपी अपनी पहचान छिपाकर और बिना मोबाइल के फरारी काट रहा था। उस पर पीपलू की एक दुकान से 9 हजार रुपए चुराने का आरोप है।
साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने कृष्ण कुमार चौधरी (निवासी निमेड़ा) के बैंक खाते की जांच की। जांच में सामने आया कि आरोपी के खाते में 5,32,762 रुपए की साइबर ठगी की राशि जमा हुई थी। आरोपी पर एनसीआर पोर्टल (1930) पर पहले से ही तीन शिकायतें दर्ज हैं। वह फर्जी सिम कार्ड, नकली बैंक खाते और फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल का उपयोग कर ठगी करता था।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वृत्ताधिकारी विनोद कुमार ने जनहित में अपील करते हुए कहा कि नागरिक अपना ओटीपी, सीवीवी, पासवर्ड या अन्य निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। अनजान लिंक, ओएलएक्स, फेसबुक या इंस्टाग्राम पर सस्ते सामान के लालच में ऑनलाइन भुगतान करने से बचें। सोशल मीडिया अकाउंट पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन चालू रखें और साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं।






