
टोंक जिले में जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने बरौनी थाना क्षेत्र में सरसों के तेल के अवैध भंडारण और मिलावट के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 2500 लीटर सरसों का तेल जब्त किया है।
टीम ने मौके से एक पिकअप, स्विफ्ट डिजायर कार और 28,005 रुपए की खरीद-फरोख्त राशि भी बरामद की है। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को डिटेन कर बरौनी थाना पुलिस को सौंपा है।
यह कार्रवाई एसपी रोशन मीना के निर्देशन में जिला स्पेशल टीम टोंक के प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में डीएसटी टीम ने की। डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि एसपी के निर्देश पर शुक्रवार देर रात बरौनी थाना क्षेत्र में अवैध रूप से सरसों के तेल के भंडारण की सूचना पर कार्रवाई की गई।

सोहेला पुलिया के पास पहाड़ियों में बना रखा था कमरा टीम ने सोहेला पुलिया के पास पहाड़ियों के नीचे गुप्त रूप से बनाए गए एक कमरे में दबिश दी। यहां ड्रमों में बड़ी मात्रा में सरसों का तेल भरा हुआ मिला। जांच के दौरान करीब 2500 लीटर सरसों का तेल बरामद कर जब्त किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी सरसों के तेल में मिलावट कर उसे नामी कंपनियों के नाम से बेचने का अवैध कारोबार कर रहे थे। डीएसटी ने कार्रवाई कर इस पूरे मामले का खुलासा किया। मौके से एक स्विफ्ट डिजायर कार और पिकअप भी जब्त की गई। बताया गया कि पिकअप के जरिए आरोपी सरसों के तेल को अन्य स्थानों पर पहुंचाने का काम करते थे।
तीनों आरोपी डिटेन कार्रवाई के दौरान 28,005 रुपए की खरीद-फरोख्त राशि भी बरामद की गई। तीनों आरोपियों को डिटेन कर बरौनी थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया है। मौके पर खाद्य विभाग की टीम और बरौनी थाना पुलिस भी पहुंची, जिसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई शुरू की गई।






