
भीलवाड़ा के आरजिया इलाके के जाटों का खेड़ा गांव में शनिवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई और इसी दौरान एक पक्ष की ओर से फायरिंग किए जाने की बात सामने आई। फायरिंग की सूचना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और फायरिंग करने वालों को पकड़ लिया। मामला मांडल थाना क्षेत्र का है।


जाटों का खेड़ा गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए।
जमीनी विवाद को लेकर झगड़ा हुआ
थानाधिकारी गजेंद्र सिंह नरूका ने बताया- एक जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। शनिवार को इसी जमीन को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। विवाद बढ़ने पर कहासुनी के बाद मारपीट हुई। इसी दौरान गोली चलने की घटना सामने आई।
बताया जा रहा है कि मांगीलाल जाट की जमीन के पास सोहन वैष्णव की ओर से फायरिंग की गई। हालांकि, घटना में फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

दोनों पक्ष आपस में उलझते हुए नजर आ रहे है।
तीन लोगों को पुलिस ने डिटेन किया
फायरिंग की सूचना मिलने पर मांडल थाने के एएसआई देवी लाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। प्रारंभिक कार्रवाई में पुलिस ने मौके से दो वाहन जब्त किए हैं और तीन लोगों को डिटेन किया है।
पुलिस के अनुसार डिटेन किए गए लोगों में सोहन वैष्णव, उसका गनमैन और मयंक पुत्र सोहन वैष्णव शामिल हैं। पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है।

मौके से कारतूस के दो खोल मिले हैं।
मौके से दो खाली खोल मिले
पुलिस को घटनास्थल से गोलियों के दो खाली खोल भी मिले हैं। पुलिस फायरिंग के कारणों, गोली चलाने वाले व्यक्ति और जमीनी विवाद से जुड़ी पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है।
घटना के बाद पुलिस निगरानी बढ़ाई
फायरिंग की घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।






