
बीसलपुर बांध का जलस्तर छह दिन बाद आज नहीं बढ़ा है।
बीसलपुर बांध में पानी की आवक फिलहाल लगभग थम गई है। इसके चलते छह दिन बाद मंगलवार को बांध का जलस्तर नहीं बढ़ा और 314.04 आरएल मीटर पर ही स्थिर रहा। सोमवार को भी 24 घंटे पहले बांध का जलस्तर इतना ही था। पानी की आवक धीमी होने से बांध के पूरी तरह भरने को लेकर सस्पेंस बढ़ गया है। इसका सबसे ज्यादा असर टोंक जिले के लाखों किसानों पर पड़ने की चिंता है, क्योंकि बांध नहीं भरने की स्थिति में आगामी रबी फसलों के लिए सिंचाई का पानी मिलना मुश्किल हो सकता है।
अगस्त में गेट खुलने का ट्रेंड, अब महीने में 10-11 दिन ही बाकी
बीसलपुर बांध को लेकर किसानों की चिंता इसलिए भी बढ़ रही है क्योंकि गत साल को छोड़कर जब भी बांध के गेट खुले हैं, वे अगस्त महीने में ही खुले थे। यानी अगस्त के बाद बांध ज्यादातर खाली रहा है। अब अगस्त के 10-11 दिन ही बचे हैं और पिछले दो दिन से बारिश भी नहीं हुई है। ऐसे में बांध के पूरी तरह भरने के आसार कम होते नजर आ रहे हैं।
अगर बांध पूरी तरह नहीं भरता है तो टोंक, जयपुर और अजमेर की एक करोड़ से ज्यादा आबादी को पेयजल की जरूरत पूरी हो जाएगी, लेकिन रबी फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलना मुश्किल होगा। इससे किसानों की करीब एक लाख हेक्टेयर फसलों को सिंचाई का पानी मिलने में परेशानी हो सकती है। ऐसे में किसानों को रबी फसलों की सिंचाई के लिए दूसरे जल स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ेगा।
भराव क्षमता 315.50 मीटर, अभी 28.564 टीएमसी पानी
बीसलपुर बांध की पूरी भराव क्षमता 315.50 आरएल मीटर यानी 38 टीएमसी है। मंगलवार को बांध में जलस्तर 314.04 आरएल मीटर रहा। इस हिसाब से बांध को पूरी क्षमता तक भरने के लिए अभी डेढ़ मीटर से थोड़ा कम पानी और चाहिए। बांध में अब तक 28.564 टीएमसी पानी आ चुका है। यानी बांध करीब दो-तिहाई भर चुका है।
तेज बारिश हुई तो भर सकता है बांध, वरना मुश्किल
फिलहाल लोगों के बीच चर्चा है कि अगर बांध के भराव क्षेत्र में जोरदार बारिश होती है तो बीसलपुर पूरी तरह भर सकता है। अगर अच्छी बारिश नहीं हुई तो बांध के खाली रहने की आशंका है। अभी भी बांध में कम गति से पानी की आवक जारी है।
वहीं त्रिवेणी का गेज भी लगातार कम हो रहा है। मंगलवार को त्रिवेणी का गेज 2.50 मीटर रहा। ऐसे में अगर भराव क्षेत्र में बारिश नहीं होती है तो आने वाले दिनों में बांध में पानी की आवक और कम होकर रुक सकती है।
पिछले 24 घंटे में करीब 900 MLD पानी आया
बीसलपुर बांध परियोजना के AEN दिनेश कुमार बैरवा ने बताया – मंगलवार को बांध का जलस्तर नहीं बढ़ा है। पिछले 24 घंटे में करीब 900 MLD पानी बांध में आया है। उन्होंने बताया कि यह लगभग उतना ही पानी है, जितनी टोंक, जयपुर और अजमेर की जरूरत है।
फिलहाल आसमान में हल्के बादल छाए हुए हैं, लेकिन मंगलवार को भी बारिश होने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसे में बांध के भरने के लिए अब भराव क्षेत्र में अच्छी बारिश होना जरूरी माना जा रहा है।






