
टोंक जिले में नगर निकाय आम चुनाव-2026 को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा टोंक जिले में नियुक्त पर्यवेक्षक और भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी सौरभ स्वामी ने पीपलू नगरपालिका क्षेत्र के तीन मतदान केंद्रों का अचानक निरीक्षण किया।

उन्होंने इन केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं और प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए।
पर्यवेक्षक सौरभ स्वामी ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नाथड़ी (वार्ड संख्या 6, मतदान केंद्र संख्या 6), राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पीपलू (वार्ड संख्या 11, मतदान केंद्र संख्या 3) और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पीपलू (वार्ड संख्या 5, मतदान केंद्र संख्या 5) का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के समय रिटर्निंग अधिकारी कपिल कुमार कोठारी और सहायक रिटर्निंग अधिकारी अभिषेक पारीक भी मौजूद थे। उन्होंने पर्यवेक्षक को तैयारियों की पूरी जानकारी दी। पर्यवेक्षक ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।




