
फगवाड़ा की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में छात्रा से रेप की आरोप के बाद छात्रों ने तोड़फोड़ की।
पंजाब की फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में शनिवार देर रात छात्रों ने जमकर हंगामा किया। यूनिवर्सिटी की एक छात्रा से कथित रेप की सूचना सोशल मीडिया ग्रुप्स में तेजी से वायरल हुई। इसके बाद हजारों छात्र सड़कों पर उतर आए।

छात्रों ने यूनिवर्सिटी कैंपस में तोड़फोड़ की और एक हिस्से में आग लगा दी। यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट पर हंगामे के बाद छात्रों ने दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर धरना देकर ट्रैफिक जाम कर दिया। रात करीब ढाई बजे लगाया गया जाम अब भी लगा हुआ है।
SSP का कहना है कि जांच में रेप का कोई मामला सामने नहीं आया है। वहीं, DIG नवीन सिंगला ने कहा कि रेप की FIR दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि स्टूडेंट्स ने कहा है कि FIR कॉपी मिलते ही हाईवे का जाम खोल दिया जाएगा।
वहीं, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने भी रेप के आरोपों को बेबुनियाद बताया। साथ ही स्टूडेंट्स से अपील की है कि वे अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी प्रदर्शन या धरने में भाग न लें। बता दें कि यह यूनिवर्सिटी भाजपा के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल की है।
स्टूडेंट्स के हंगामे के 5 PHOTOS…

हंगामे के दौरान स्टूडेंट्स ने यूनिवर्सिटी कैंपस में जमकर तोड़फोड़ की।

स्टूडेंट्स ने यूनिवर्सिटी का गेट तोड़ने की कोशिश की।

यूनिवर्सिटी में आधी रात को स्टूडेंट्स ने जमा होकर हंगामा किया।

स्टूडेंट्स ने यूनिवर्सिटी के गेट पर लगे CCTV कैमरों को पत्थर मारकर तोड़ने की कोशिश की।

स्टूडेंट्स ने यूनिवर्सिटी के गेट के सामने ही आग लगा दी।
3 पॉइंट्स में जानिए, कैसे शुरू हुआ बवाल
- शनिवार रात सोशल मीडिया पर एक संदिग्ध मैसेज तेजी से फैला। दावा किया गया कि किसी बाहरी व्यक्ति ने गर्ल्स हॉस्टल में घुसकर एक छात्रा के साथ रेप किया है। मैसेज वायरल होते ही छात्रों का गुस्सा भड़क गया। वे हॉस्टल के बाहर जमा होने लगे।
- छात्रों ने देर रात सुरक्षाकर्मियों और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। छात्रों का आरोप था कि कैंपस में सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं। इससे बाहरी लोग आसानी से अंदर आ जाते हैं। गुस्साए छात्रों ने कैंपस की संपत्तियों को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया और एक जगह आग लगा दी।
- इसके बाद प्रदर्शनकारी छात्र यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट की ओर बढ़े और वहां तोड़फोड़ की। मुख्य गेट से बाहर निकलकर छात्रों ने चंडीगढ़-अमृतसर नेशनल हाईवे पर धरना दे दिया। इससे हाईवे गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं।
छात्रों का दावा- रेप पीड़िता ने सुसाइड किया
छात्रों की ओर से एक वीडियो भी शेयर किया जा रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो उस छात्रा का है, जिसका रेप हुआ। छात्रों का आरोप है कि रेप की शिकायत छात्रा ने हॉस्टल वॉर्डन और मैनेजमेंट से की थी। उन्होंने छात्रा की सुनवाई नहीं की। उल्टा छात्रा को घर भेज दिया।
छात्रों का दावा है कि 2 दिन बाद छात्रा अपने घर से यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में लौटी। इसके बाद उसी रात उसने हॉस्टल की छत से कूदकर अपनी जान दे दी।
कपूरथला के एसएसपी देर रात पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ कपूरथला के एसपी गौरव तूरा देर रात खुद स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को मामले की जांच की कराने का आश्वासन दिया।
SSP ने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही खबर महज अफवाह लग रही है। अभी तक ऐसा कोई तथ्य या शिकायत सामने नहीं आई है, जिससे रेप की पुष्टि हो सके। पुलिस अब उस सोशल मीडिया मैसेज के सोर्स की तलाश कर रही है, जिससे यह अफवाह फैली और यूनिवर्सिटी में इतना बड़ा बवाल खड़ा हो गया।
LPU प्रशासन ने रेप की आरोपों को अफवाह बताया
छात्रों के हंगामे के बाद LPU प्रशासन की ओर से बयान जारी किया गया। इसमें कहा गया- प्रिय छात्रो, हम आपको आश्वस्त करना चाहते हैं कि सभी छात्र कैंपस में पूरी तरह सुरक्षित हैं। सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहें झूठी और भ्रामक हैं, और इन्हें शरारती तत्वों द्वारा फैलाया गया है।
बयान में आगे कहा गया- आपको सलाह दी जाती है कि आप किसी भी अराजकता में भाग न लें, अपने हॉस्टल/कमरे/आवास के अंदर सुरक्षित रहें, और किसी भी उत्तेजक या विघटनकारी गतिविधियों में शामिल होने से बचें। कृपया परिसर में शांत और व्यवस्थित माहौल बनाए रखने में सहयोग करें।






