
निवाई की इंद्रा कॉलोनी स्थित श्याम मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य आयोजन किया गया। श्याम सेवा समिति की ओर से आयोजित महोत्सव में बाबा श्याम का कोलकाता से मंगवाए गए विशेष फूलों से आकर्षक शृंगार किया गया। भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया और मनमोहक झांकी सजाई गई। झांकी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।
जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। मुख्य झिलाय रोड से मंदिर तक विशेष लाइटिंग की गई है। रास्ते में जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए हैं। फूलों से किए गए शृंगार और रोशनी से मंदिर का पूरा परिसर आकर्षक नजर आ रहा है।

झांकी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।
कतार में हो रहे बाबा श्याम के दर्शन
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए श्याम सेवा समिति ने दर्शन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। भक्त कतार में लगकर बाबा श्याम के दर्शन कर रहे हैं। मंदिर तक जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग भी की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन करवाए जा सकें।
रात में भजन संध्या, 12 बजे होगी महाआरती
जन्माष्टमी महोत्सव के तहत रात में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें भजन गायक देव और हर्ष के साथ स्थानीय कलाकार श्याम भजनों की प्रस्तुति देंगे। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती की जाएगी।





