निवाई, 1 घंटे पहले

निवाई में पुलिस ने एनएच-52 पर जयसिंहपुरा मोड़ के पास कार्रवाई करते हुए 4 किलो 985 ग्राम अवैध OG गांजा जब्त किया है। पुलिस ने गांजे के परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से आया था और इसे निवाई क्षेत्र में किसे सप्लाई किया जाना था।

निवाई थाना प्रभारी घासीराम ने बताया कि 11 सितंबर 2026 को पुलिस टीम एनएच-52 पर गश्त कर रही थी। जयसिंहपुरा मोड़ के पास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार युवक को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी में उसके पास से 4 किलो 985 ग्राम अवैध OG गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा और बाइक जब्त कर लालाराम पुत्र प्रहलाद (20), जाति सांसी, निवासी अहमदपुरा उर्फ कैथुनिया, थाना निवाई सदर, जिला टोंक को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ निवाई थाने में मामला दर्ज किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
डीएसटी और निवाई थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
कार्रवाई एसपी रोशन मीना के निर्देश पर एएसपी रतनलाल भार्गव और निवाई वृत्ताधिकारी रविप्रकाश शर्मा के सुपरविजन में की गई। डीएसटी टोंक प्रभारी उप निरीक्षक ओमप्रकाश के नेतृत्व में डीएसटी टीम और निवाई थाना प्रभारी घासीराम के नेतृत्व में थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
टीम में डीएसटी से हंसराज, शरीफ मोहम्मद, राधाकिशन, राजेश कुमार, राधामोहन, रुकमकेश, प्रधान, शिवपाल और विक्रान्त शामिल रहे। निवाई थाना पुलिस से अमरचंद, मुकेश, मनप्रीत और चालक मनोज ने कार्रवाई में सहयोग किया।






