
दतवास कस्बे से बाबा रामदेवजी महाराज की रामदेवरा रूणिचा की 18वीं विशाल पदयात्रा रविवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना हुई। रामदेव पदयात्रा मंडल दतवास के तत्वावधान में बाबा रामदेवजी मंदिर में ध्वज पूजन एवं पूजा-अर्चना के बाद यात्रा का शुभारंभ हुआ। जीएसएस अध्यक्ष मीठालाल मीणा ने ध्वज देकर पदयात्रा को हरी झंडी दिखाई।
इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। बाबा रामदेवजी के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। पदयात्री हाथों में ध्वजा लेकर बाबा के जयकारे लगाते हुए रामदेवरा के लिए प्रस्थान कर गए।
पदयात्रियों के लिए यात्रा मार्ग में भोजन, पानी और रात्रि विश्राम सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
आयोजकों ने बताया कि पदयात्रा का कार्यक्रम 30 अगस्त से शुरू होकर 11 सितंबर को रामदेवरा में बाबा रामदेवजी के दर्शन एवं भोजन प्रसादी के साथ संपन्न होगा। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर पदयात्रियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था रहेगी।
पदयात्रा में रामसहाय नारेडा, रामू खटीक, गिर्राज सोनी, भरत सिंह राजावत, भरतलाल मीणा, धोलू सैनी, बाबूलाल नेनीवाल, चंद्रमोहन खटीक, उमाशंकर शर्मा, बाबूलाल रैगर, सीताराम मीणा, ब्रजमोहन रैगर, धोलू नेनीवाल, शंकर सैनी व भगवान रैगर सहित कई अन्य श्रद्धालु शामिल रहे।






