टोंक, 1 घंटे पहले

जिले में दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और बादलों की गर्जना के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ।

जिले के कई इलाकों में रुक-रुक कर कभी तेज तो कभी हल्की बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश आज सुबह 8 बजे से शाम पांच बजे तक ठिकरिया रेन गेज सेंटर पर 90 एम एम दर्ज की गई।
मौसम में आए इस बदलाव से जहां लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं जल स्रोतों में पानी की अच्छी आवक देखने को मिली है।
ठिकरिया रेन गेज सेंटर पर सर्वाधिक बारिश
सिंचाई विभाग और मौसम केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, जिले में सबसे ज्यादा बारिश ठिकरिया रेन गेज सेंटर पर दर्ज की गई। जहां 90 मिमी (मिलीमीटर) बारिश दर्ज हुई। इसके अलावा
गलवा रेन गेज सेंटर पर 38 MM, गलवानिया में 25 MM, निवाई में चार MM, टोंक में पांच MM, पनवाड़ रेन गेज सेंटर पर 18 और नेशनल रेलवे सेंटर पर 10 एमएम बारिश हुई है ।
आसपास के अन्य ग्रामीण और शहरी इलाकों में भी हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश का सिलसिला शाम तक चलता रहा।
बांधों और तालाबों में बढ़ा जलस्तर
मूसलाधार बारिश के चलते क्षेत्र के नदी-नालों में पानी आया है। ये आवक अभी भी बनी हुई है। जिससे स्थानीय तालाबों और बांधों में जल की आवक तेजी से बढ़ी है। लंबे समय से पानी का इंतजार कर रहे जल स्रोतों का जलस्तर बढ़ने से जल संकट की चिंता कम हुई है।
उमस से मिली राहत
इस बारिश से जहां तापमान में गिरावट आई और मौसम खुशनुमा हो गया। वहीं कृषि क्षेत्र के लिए भी यह बारिश वरदान साबित हो रही है। फसलों की सिंचाई के लिहाज से इस पानी को बेहद फायदेमंद हैं।






