
जोधपुर ग्रामीण में पति द्वारा पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि रक्षाबंधन से एक दिन पहले आरोपी ने पत्नी को जान से मारने की धमकी दी थी। घटना 29 अगस्त की रात करवड़ थाना क्षेत्र के उजलिया गांव की है। मृतका गुड्डी के भाई की रिपोर्ट पर मामला दर्ज हुआ।
करवड़ थाना अधिकारी परमेश्वरी ने बताया कि उजलिया की रहने वाली गुड्डी की 29 अगस्त की रात हत्या हुई थी। उसके पति ने ही सिर पर हथौड़े से वार किया। मृतका के भाई महेंद्र, पुत्र देवाराम भील की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। 30 अगस्त को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी पति दिनेश को पकड़ लिया गया है।
महिला के भाई ने रिपोर्ट में बताया कि वह जोधपुर ग्रामीण के कापरड़ा थानान्तर्गत हिंगाणिया गांव का रहने वाला है। उसकी बहन गुड्डी की करीब 15 साल पहले दिनेश पुत्र पपाराम भील, निवासी उजलिया के साथ शादी हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही बहन को उसके ससुराल वाले दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। आए दिन मारपीट और झगड़ा करते थे।
भाई ने बताया कि इससे पहले भी जीजा दिनेश बहन के पीछे तलवार लेकर मारने दौड़ा था। तब आस-पास के लोगों ने बीच-बचाव कर गुड्डी को बचाया था। थाने में इस घटना की रिपोर्ट भी दी गई थी। उस समय सामाजिक समझाइश के बाद जीजा ने भविष्य में ऐसी गलती न करने की बात कहते हुए माफी मांगी थी।
रक्षाबंधन से एक दिन पहले गुड्डी ने अपनी मां को फोन कर कहा था कि वह अगले दिन राखी लेकर मायके आएगी। आरोप है कि उस दौरान पास खड़े जीजा ने कथित रूप से कहा कि कल जिंदा रहेगी तो राखी ले जाएगी।
रक्षाबंधन के अगले दिन 29 अगस्त की रात करीब 11.35 बजे दिनेश के भाई गणपत का फोन आया। उसने बताया कि दिनेश और गुड्डी के बीच झगड़ा हुआ है। दिनेश ने सो रही गुड्डी पर लोहे के हथौड़े से वार कर दिया है। उसने यह भी कहा कि गुड्डी जिंदा है या नहीं, उसे पता नहीं है और परिजनों को तत्काल गांव आने के लिए कहा।
अगले दिन सुबह परिजन गांव पहुंचे तो उन्हें पता चला कि गुड्डी के सिर पर लोहे के हथौड़े से वार किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी चिनाई का काम करता था। मृतका के 4 लड़कियां और एक लड़का है।





