
देवली थाना क्षेत्र के गोपीपुरा स्थित कमांडो डिफेंस एकेडमी में मंगलवार को युवक ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही देवली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर राजकीय उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान शक्करगढ़ थाना क्षेत्र के खेमा का खेड़ा निवासी कृष्ण गोपाल मीणा (18) पुत्र गंगाराम मीणा के रूप में हुई है। वह अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहा था।
देवली थाने के एएसआई गोपाल लाल ने बताया कि घटना के समय एकेडमी में लंच चल रहा था। कृष्ण गोपाल उस दौरान अपने कमरे में अकेला था। लंच के बाद जब अन्य छात्र कमरे में लौटे, तब उन्हें इस घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही देवली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी सूचित कर मौके पर बुलाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने बताया कि फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है,पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।





