पीपलू, टोंक। 3 घंटे पहले

जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पीपलू थाना पुलिस ने अवैध जुआ-सट्टा और साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई की है। इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

थानाधिकारी शिवचरण (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में बनी पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस गश्त के दौरान ग्राम बनवाड़ा से भूरावाली रोड पर भेरूजी मंदिर के पास सार्वजनिक जगह पर पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलते दो आरोपियों को पकड़ा गया।
मौके से 440 रुपये की जुआ राशि जब्त की गई। आरोपियों सीताराम कुम्हार (55) और सलमान खान (25) के खिलाफ पीपलू थाने में आरपीजीओ एक्ट की धारा 13 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सीताराम कुम्हार राणोली (थाना झिराना) के रहने वाले हैं, जबकि सलमान खान भी राणोली (थाना झिराना) के निवासी हैं।
इसके अलावा, पुलिस ने साइबर फ्रॉड के एक संदिग्ध खाताधारक महेश जाट को भी गिरफ्तार किया है। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C), आरबीआई और दूरसंचार विभाग (DoT) से मिली संदिग्ध बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जानकारी के आधार पर पुलिस ने 19 साल के इस युवक को हिरासत में लिया था।
जांच में सामने आया कि आरोपी महेश जाट ने दूसरों के बहकावे में आकर ऑनलाइन गेमिंग और शॉपिंग पोर्टल के जरिए साइबर फ्रॉड की घटनाओं को अंजाम दिया था। महेश जाट (19) पुत्र रामअवतार, निवासी संदेड़ा फार्म (थाना पीपलू) को धारा 126, 135(3), 170 बीएनएसएस में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी शिवचरण, सउनि गजेंद्र सिंह, कांस्टेबल अमित (804), राजेश (178) और चालक टीकाराम (1006) की मुख्य भूमिका रही। पुलिस प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ यह सख्ती आगे भी जारी रहेगी।






