
वन विभाग के सिरस नाका स्टाफ की टीम पर अरावली पर्वत श्रृंखला की नोहटा पहाड़ी में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान हमला किया गया। हमलावरों ने सरकारी मोटरसाइकिल को ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचल दिया, जिससे मोटरसाइकिल मौके पर ही चकनाचूर हो गई। टीम के सदस्यों ने किसी तरह अपनी जान बचाई।
यह घटना तब हुई जब वन विभाग की टीम अवैध खनन रोकने के लिए नोहटा की पहाड़ी पर पहुंची थी। हमलावरों ने पत्थर से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को मोटरसाइकिल के ऊपर से निकाल दिया। मोटरसाइकिल तोड़ने के बाद हमलावर ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। बाद में विभाग ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर रेंज निवाई में खड़ा करवाया।
कार्रवाई करने वाली टीम में नाका प्रभारी रमेश ताखर, वनरक्षक ओमप्रकाश गुर्जर, रामजी लाल गुर्जर, धोली मीणा और रिंकू जाट शामिल थे।
रेंजर धारीलाल बैरवा ने बताया कि अवैध खनन की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम नोहटा की पहाड़ी पर कार्रवाई करने गई थी। इसी दौरान वन विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई और ट्रैक्टर को मोटरसाइकिल के ऊपर चढ़ा दिया गया। इस संबंध में बरौनी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।
बरौनी थाना अधिकारी जयमल सिंह ने जानकारी दी कि घटना की नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इसमें राजकार्य में बाधा डालने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और वन विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट करने के आरोप शामिल हैं।





