
अलीगढ़ के अम्बेडकर सर्किल स्थित एक परचून और नमकीन के गोदाम में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोर छत के रास्ते गोदाम में दाखिल हुए और गल्ले में रखे लगभग 50 हजार रुपये के सिक्के, नकदी और परचून का सामान लेकर फरार हो गए। पीड़ित व्यापारी ने अलीगढ़ थाना पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़ित व्यापारी दीपक कुमार जैन (पुत्र बाबूलाल जैन) ने पुलिस को बताया कि अम्बेडकर सर्किल स्थित उनका गोदाम/दुकान नमकीन, बिस्कुट और अन्य परचून सामग्री के व्यापार के लिए उपयोग होता है।
चोर गुरुवार रात गोदाम की छत के रास्ते भीतर घुसे। शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे जब दीपक कुमार जैन ने दुकान का ताला खोला, तो अंदर सामान बिखरा हुआ और अव्यवस्थित मिला। जांच करने पर गल्ले में रखी सिक्कों की दराज खाली पाई गई।
पीड़ित के अनुसार, चोर लगभग 50,000 रुपये के सिक्के, कुछ नकदी और गोदाम से कई अन्य सामग्री चुरा ले गए। दीपक कुमार जैन ने अलीगढ़ पुलिस थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने और चोरी हुए सामान व नकदी की बरामदगी की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।






