
प्रारम्भिक शिक्षा पूर्णता प्रमाण-पत्र परीक्षा कक्षा 8वीं एवं प्राथमिक शिक्षा अधिगम स्तर मूल्यांकन कक्षा 5वीं, 2027 के ऑनलाइन आवेदन को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्ती बरतते हुए प्रभावी मॉनिटरिंग एवं प्रबोधन के निर्देश दिए हैं। कार्यालय पंजीयक, शिक्षा विभागीय परीक्षाएं राजस्थान, बीकानेर की ओर से राज्य के सभी मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों, प्राचार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाईट) एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी किया गया है। दोनों परीक्षाओं के ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 24 सितंबर से शुरू हो चुकी है और आवेदन की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर तक की गई है।

रजिस्ट्रार शीशराम कुलहरि ने निर्देश दिए हैं कि क्षेत्राधिकार के सभी राजकीय, राजकीय संस्कृत, मूक-बधिर, अंध विद्यालयों सहित निजी विद्यालयों एवं मदरसों में अध्ययनरत कक्षा 5वीं एवं 8वीं के सभी पात्र एवं नियमित विद्यार्थियों के आवेदन निर्धारित समय सीमा में अनिवार्य रूप से करवाए जाएं।

(फाइल फोटो।)
आवेदन की समीक्षा प्रतिदिन होगी
अधिकारियों को अपने लॉगिन पर विद्यालय और ब्लॉक आवेदन की स्थिति की रिपोर्ट का प्रतिदिन मूल्यांकन करने के निर्देश दिए गए हैं। कम आवेदन वाले विद्यालयों से संपर्क कर आवेदन प्रक्रिया में तेजी लाने तथा संस्था प्रधानों को लगातार प्रेरित करने के लिए कहा गया है।
विभाग ने ऑनलाइन आवेदन एवं परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों के लिए शिक्षा विभाग की वेबसाइट तथा शाला दर्पण/पीएसपी वेबपोर्टल का नियमित अवलोकन करने के निर्देश दिए हैं। महत्वपूर्ण सूचनाओं एवं नए निर्देशों को तत्काल ई-मेल, व्हॉट्सऐप अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से संबंधित संस्था प्रधानों तक पहुंचाने के लिए भी कहा गया है।
समस्या आने पर श्रेणीवार रिपोर्ट तैयार होगी
ऑनलाइन आवेदन में विद्यालय की मान्यता, पोर्टल पर पंजीकरण, विद्यार्थियों के तृतीय भाषा विषय की मैपिंग सहित किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर संबंधित संस्था प्रधानों से रिपोर्ट लेकर डाईट स्तर पर श्रेणीवार समस्याओं का समेकन किया जाएगा। इसके बाद इन समस्याओं को पीएसपी/शाला दर्पण हेल्पडेस्क अथवा पंजीयक कार्यालय के ई-मेल के माध्यम से उच्च स्तर पर भेजा जाएगा।
नवीन मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों पर भी नजर
सत्र 2026-27 में नवीन मान्यता प्राप्त ऐसे निजी विद्यालय, जो परीक्षा पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं, उनके पंजीकरण एवं पोर्टल पर प्रदर्शित करवाने के लिए स्थानीय एडीपीसी कार्यालय से समन्वय करने के निर्देश दिए गए हैं।
नए जिलों की जिम्मेदारी पुराने डाईट को
राज्य में नवगठित सात जिलों में डाईट संस्थानों के पूर्ण रूप से स्थापित एवं कार्यशील नहीं होने की स्थिति में संबंधित नए जिलों की परीक्षा आवेदन प्रक्रिया से लेकर परीक्षा परिणाम घोषित होने एवं अंकतालिकाओं के वितरण तक की प्रक्रिया में पूर्व जिला डाईट एवं संबंधित सीबीईओ कार्यालय प्रभावी मॉनिटरिंग एवं पर्यवेक्षण करेंगे।
पात्र विद्यार्थियों के आवेदन तत्काल करवाने की मांग
शिक्षक संघ रेसटा के प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने विभाग के निर्देशों का स्वागत करते हुए कहा कि कक्षा 5वीं एवं 8वीं के किसी भी पात्र विद्यार्थी का आवेदन तकनीकी या प्रशासनिक कारणों से लंबित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर आवेदन प्रक्रिया की नियमित समीक्षा के साथ-साथ पोर्टल संबंधी तकनीकी समस्याओं का भी त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि अंतिम तिथि के समय संस्था प्रधानों एवं विद्यार्थियों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
सलावद ने कहा कि आगामी पंचायत आम चुनाव, राज्य समान परीक्षा एवं मध्यावधि अवकाश को देखते हुए विभाग ने संस्था प्रधानों को समय रहते आवेदन पूर्ण करवाने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में संबंधित अधिकारी एवं संस्था प्रधान अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना पात्र विद्यार्थियों के आवेदन तत्काल पूर्ण करवाएं।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी हित में आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं निर्बाध बनाए रखना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।
विभाग ने भी स्पष्ट किया है कि जिन विद्यार्थियों का विभागीय पोर्टल पर सही डेटा उपलब्ध है, उनके ऑनलाइन आवेदन किसी विशेष समय अथवा अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना तत्काल पूर्ण करवाए जाएं तथा पूरी प्रक्रिया को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की जाए।





