जयपुर, 17 मिनिट पहले

अलवर शहर में रविवार शाम करीब 4 बजे बारिश हुई। राजस्थान के 29 जिलों में आज तेज बारिश का यलो अलर्ट है। शनिवार को जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।

सबसे ज्यादा बारिश उदयपुर संभाग में हुई, जहां करीब 2 इंच तक पानी बरसा। जोधपुर शहर और आसपास के एरिया में करीब एक महीने बाद हल्की बरसात हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में बारिश का ये दौर 16 सितंबर तक दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में जारी रहेगा। जबकि पश्चिमी जिलों में अगले सप्ताह के आखिरी से मानसून की विदाई का चरण शुरू हो सकता है।
इधर, जोधपुर, बीकानेर संभाग के एरिया में वेस्टर्न विंड (पश्चिमी हवा) स्ट्रॉन्ग होने से गर्मी तेज होने लगी है। शनिवार को जैसलमेर, बाड़मेर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
सबसे पहले प्रदेश में बारिश की स्थिति


अलवर शहर में रविवार शाम चार बजे कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। इससे उमस से थोड़ी सी राहत मिली।
मानसून के बड़े अपडेट्स
चित्तौड़गढ़ में 2 इंच बारिश: पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बरसात चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा में 46MM दर्ज हुई। बांसवाड़ा, झालावाड़, प्रतापगढ़, उदयपुर, जयपुर, राजसमंद, सीकर, नागौर, पाली, कोटा, डूंगरपुर, बूंदी, भीलवाड़ा, बारां और अजमेर जिलों में भी एक इंच तक पानी बरसा।
जोधपुर में हल्की बारिश: पश्चिमी राजस्थान के अधिकतर जिलों में सूखे जैसे हालात हैं। अगस्त और सितंबर के शुरुआती दिनों में यहां काफी कम बरसात हुई है। 11 सितंबर से फिर से एक्टिव हुए मानसून के बाद यहां बारिश की संभावना है। शनिवार शाम को जोधपुर में हल्की बरसात हुई है। यहां करीब एक महीने बाद पानी बरसा।
3 दिन बारिश की संभावना: मौसम विभाग ने बताया- मानसून ट्रफ अब जैसलमेर, कोटा, राजगढ़, बैतूल से होकर लो-प्रेशर सिस्टम से होते हुए दक्षिणी छत्तीसगढ़, गोपालपुर होते हुए बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है। लो-प्रेशर सिस्टम दक्षिणी छत्तीसगढ़ और उसके आसपास के ऊपर एक्टिव है, जो अभी पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी दिशा तक आगे बढ़ रहा है। इसके असर से 2-3 दिन राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
अब देखिए- राजस्थान में बारिश की PHOTO

जालोर जिले में करीब 26 दिन बाद शनिवार शाम बारिश हुई। जिला मुख्यालय पर सर्वाधिक एक इंच बारिश दर्ज की गई।


अजमेर शहर व आसपास के इलाकों में शनिवार दोपहर बाद झमाझम बरसात हुई।
सामान्य से 26 फीसदी कम बारिश
राजस्थान में 1 जून से अब तक कुल 410.1MM औसत बरसात होती है, लेकिन इस सीजन में अब तक कुल औसत बरसात 304.9MM बरसात हुई है, जो सामान्य से 26 फीसदी कम है।
जैसलमेर, बाड़मेर में बढ़ी गर्मी: पश्चिमी जिलों में मौसम सूखा रहने और पश्चिमी हवाओं के स्ट्रांग होने से गर्मी तेज हो गई। शनिवार को जैसलमेर, बाड़मेर में अधिकतम तापमान 40.5 और 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।








